विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग/बड़ियारगढ़(ब्यूरो)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा पेंडुला के पुपोला गांव में वन अग्नि (जंगल की आग) की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। इस हादसे में पुपोला गांव की एक स्थानीय बुजुर्ग महिला (माता जी) का असमय और दर्दनाक निधन हो गया। इस दुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विधायक ने घर पहुंचकर व्यक्त की गहरी संवेदनाएंइस अपूरणीय क्षति और दुख की घड़ी में देवप्रयाग विधायक श्री विनोद कंडारी ने तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से ₹4 लाख की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा।विधायक कंडारी ने भावुक होते हुए कहा कि एक मां का साया छिनने की टीस और इस खालीपन को किसी भी आर्थिक सहायता या शब्दों से पूरा करना असंभव है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि पूरी सरकार और क्षेत्र की जनता इस कठिन परीक्षा की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
इस दुखद अवसर पर लोस्तु बड़ियारगढ़ क्षेत्र के स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी गहरा दुख प्रकट किया है। भाजपा नेता अमित सिंह मेवाड़ और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।सभी क्षेत्रवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने पावन चरणों में स्थान दें और दुखी परिवार को इस असहनीय आघात और कष्ट को सहन करने का धैर्य व शक्ति प्रदान करें।
