विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
सतपुली / पौड़ी गढ़वाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा शनिवार को सतपुली के एक स्थानीय वैडिंग प्वाइंट में ‘संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि भारत आज विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है और उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, परिश्रम करने का सामर्थ्य तथा नवाचार का जुनून मौजूद है।
कार्यक्रम के लिए युवा मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए श्री महाराज ने कहा कि संवाद किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत है, जिससे विचारों का आदान-प्रदान होता है और भविष्य की दिशा तय होती है। उन्होंने कहा कि आज युवा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, स्टार्टअप और उद्यमिता में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उत्तराखंड में पर्यटन, तीर्थाटन, योग, आयुष, कृषि, बागवानी, स्थानीय उत्पादों और साहसिक पर्यटन में रोजगार व स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पलायन कम करने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बने और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाए।
कार्यक्रम में भाजयुमो राष्ट्रीय मंत्री अरमान जोत वरार, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी आर्यन देव उनियाल, विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुयश रावत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गणेश नेगी ‘राकी’, एकेश्वर मंडल अध्यक्ष राजेश्वर जोशी, सतपुली अध्यक्ष अंकित कुमार, पोखड़ा अध्यक्ष नीरज धस्माना, बीरोंखाल अध्यक्ष नागेंद्र नेगी, सर्वेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र दर्शन, राकेश नैथानी, ओमपाल बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।