विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र (DACE) द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व, लोकतांत्रिक आदर्शों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह के नेतृत्व में समस्त अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व के मूल्य एक समरस समाज का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार व्यक्ति के संस्कारों की पहली पाठशाला है, वहीं शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं में संवैधानिक चेतना और मौलिक कर्तव्यों के प्रति समर्पण का भाव विकसित करें।
इससे पूर्व कार्यक्रम के संयोजक प्रो. मदन मोहन सेमवाल ने स्वागत संबोधन में कहा कि संविधान केवल शासन संचालन की पुस्तक नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को दिशा देने वाला आधारभूत दस्तावेज है।
सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं और नशे से दूर रहें युवा: सीओ दिव्येश उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्राधिकारी (सदर/पौड़ी) श्री दिव्येश उपाध्याय ने समकालीन चुनौतियों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के स्वीकार न करें और अफवाहों से बचें। साथ ही उन्होंने युवाओं को परीक्षा के दबाव में धैर्य बनाए रखने, नशे जैसी हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रहने तथा माता-पिता, शिक्षकों व बुजुर्गों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. आंबेडकर के योगदान और संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाशछात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने संविधान सभा की कार्यप्रणाली और संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर व डॉ. राजेंद्र प्रसाद के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से विचार रखे। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरि भजन सिंह चौहान ने संवैधानिक मूल्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह में वित्त अधिकारी डॉ. अजय कुमार मोहंती, प्रो. डी.एस. नेगी, डॉ. रोहित मेहर, डॉ. कविता भट्ट, डॉ. वीर सिंह, डॉ. प्रकाश सिंह, डॉ. मुकेश सहाय, डॉ. शैलेंद्र चमोला सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अरविंद सिंह रावत ने किया तथा अंत में डॉ. प्रकाश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।