विजय बहुगुणा/ सत्य की गूंज ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। पशुपालन विभाग की ओर से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल कार्यालय में ‘प्रथम अलकनंदा–भागीरथी अन्तर्जनपदीय मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता’ का आयोजन बड़े उत्साह, खेल भावना और आपसी सौहार्द के साथ किया गया। इस अनूठी प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के 14 पशु चिकित्साधिकारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया।
पुरुष एकल वर्ग: डॉ. भूपेंद्र बिष्ट ने प्रथम स्थान तथा डॉ. सुरेश चंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
महिला एकल वर्ग: डॉ. प्रीति गौतम ने प्रथम स्थान तथा डॉ. एकता बिष्ट ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
जनपद स्तर पर खेले गए कड़े मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने टिहरी गढ़वाल को 3-2 से पराजित कर प्रतियोगिता की प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। दोनों जनपदों के खिलाड़ियों ने जीत-हार से ऊपर उठकर आपसी मित्रता, भाईचारे और उच्च कोटि की खेल भावना का परिचय दिया।
अपर निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से दोनों जनपदों के पशु चिकित्साधिकारियों के बीच आपसी समन्वय, कार्यसंस्कृति और सौहार्द को और अधिक मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा, संयुक्त निदेशक रोग निदान प्रयोगशाला श्रीनगर डॉ. अशोक रेड्डी सहित कई विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभागी चिकित्सक उपस्थित रहे।