विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में धरने पर बैठे पैरामेडिकल संवर्ग के इंटर्न से मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक ने वार्ता की। अधिकारियों ने छात्रों की मांगों और वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनसे धरना समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों का यह प्रकरण पहले ही निदेशालय और शासन स्तर पर अग्रसारित किया जा चुका है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई शासन स्तर से ही होनी है।
प्राचार्य ने दी उच्च स्तर पर भेजे गए पत्रों की जानकारीचिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत ने आंदोलनरत पैरामेडिकल इंटर्न को उच्च स्तर पर भेजे गए पत्रों और निदेशक चिकित्सा शिक्षा द्वारा प्रेषित पत्र की जानकारी से अवगत कराया। प्राचार्य ने छात्रों से कहा कि उनकी मांगें शासन तक पहुँच चुकी हैं, इसलिए उन्हें अपना धरना समाप्त कर तुरंत अपने कार्य पर वापस लौटना चाहिए।
डॉ. रावत ने चिंता जताते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में लगातार धरना-प्रदर्शन होने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों और अस्पताल की नियमित चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। बेस अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में गंभीर मरीज उपचार के लिए पहुँचते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।धैर्य रखने की अपील, प्रशिक्षण और कार्य पर ध्यान देने की सलाहचिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आंदोलन से पैरामेडिकल इंटर्न के अपने जरूरी व्यावहारिक कार्य और प्रशिक्षण प्रभावित हो रहे हैं। इंटर्नशिप उनके चिकित्सीय प्रशिक्षण का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय लगता है, इसलिए उन्हें धैर्य रखते हुए कार्रवाई का इंतजार करना चाहिए और अस्पताल व्यवस्थाओं में सहयोग देना चाहिए।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि छात्रों की मांगों को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और इसे उच्च स्तर पर प्रभावी रूप से उठाया गया है। बैठक के दौरान आंदोलित छात्र-छात्राओं ने भी अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रखी और विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।