विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। श्रीनगर गढ़वाल में सफाई मित्रों और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं ने भगवत प्रसाद मकवाना को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग में राष्ट्रीय अध्यक्ष (केंद्रीय राज्य मंत्री) का गरिमामयी दायित्व मिलने पर गहरा हर्ष व्यक्त किया है। भाजपा आईटी संयोजक श्रीनगर मंडल एवं राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के प्रदेश सचिव संजीव वाल्मीकि तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड-पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जिला निगरानी समिति (पौड़ी गढ़वाल) के सदस्य जयपाल सिंह टॉक ने उन्हें इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर अनंत शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, उत्तराखंड सरकार के पूर्व राज्य मंत्री तथा वर्तमान में सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष/राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य, ऊर्जा मंत्रालय के एनएचपीसी के केंद्रीय निदेशक और भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भगवत प्रसाद मकवाना का यह नया दायित्व पूरे देश के सफाई कर्मचारी भाइयों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। उनके कुशल और अनुभवी नेतृत्व में समाज के उत्थान को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
इस जनहितैषी और ऐतिहासिक नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया गया है। नेताओं ने विश्वास जताया कि राष्ट्र सेवा और जनसेवा को समर्पित यह निर्णय हम सबके लिए गौरवशाली है।