देहरादून: टौंस नदी पुल का एप्रोच मार्ग धंसने पर मंत्री सतपाल महाराज सख्त, पुल पूरी तरह सुरक्षित
अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर प्रेमनगर (नंदा की चौकी) के पास टौंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच मार्ग (पहुंच मार्ग) के आंशिक रूप से धंसने की घटना का प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर कार्य करते हुए मार्ग को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि पुल और उसका मुख्य स्ट्रक्चर पूरी तरह से सुरक्षित है।
मामले की जानकारी देते हुए लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि पुल की रिटर्न वाल के एप्रोच में मिट्टी भराई का कार्य किया गया था, जिसके भीतर से पानी का रिसाव होने के कारण एप्रोच रोड में आंशिक रूप से कैबेटी (गड्ढा) बन गई और सड़क का हिस्सा धंस गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत वहां सुधार कार्य शुरू कर दिया है।
मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में लोनिवि सचिव और प्रमुख अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि युद्धस्तर पर कार्य कर इसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। पुल का मुख्य स्ट्रक्चरल डिजाइन पूरी तरह से सेफ और सुरक्षित है, समस्या केवल एप्रोच रोड पर आई है। वर्तमान में मौके पर बुलडोजर और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें गड्ढे को भरने और सड़क को आवागमन के योग्य बनाने के काम में जुटी हुई हैं। बहुत जल्द इस मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह से दोबारा खोल दिया जाएगा।