पोंडार मानसूना क्रेशर प्लांट में मिली व्यापक कमियां, एडीएम ने दिए जांच के निर्देश
सत्य की गूंज,ब्यूरो
रुद्रप्रयाग। जनपद के पोंडार मानसूना स्थित क्रेशर प्लांट पर प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। अपर जिलाधिकारी (ADM) श्याम सिंह राणा ने आज औचक रूप से उक्त क्रेशर प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार ऊखीमठ सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालन में कई स्तरों पर व्यापक अनियमितताएं और कमियां पाई गईं, जिसे प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने ज्येष्ठ खान अधिकारी रुद्रप्रयाग, तहसीलदार ऊखीमठ और खान निरीक्षक को संयुक्त रूप से इस पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा है। साथ ही, नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जल्द से जल्द एक विस्तृत आख्या (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि जांच के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक और विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस औचक निरीक्षण के बाद से क्षेत्र के अन्य औद्योगिक और खनन इकाइयों में भी हड़कंप मच गया है।