अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। एसएसपी दून के नेतृत्व में देहरादून पुलिस ने नकल माफियाओं और शिक्षा व्यवस्था की पवित्रता को तार-तार करने वालों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। उत्तराखंड प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (UTU) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने शिवालिक कॉलेज के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पूर्व ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को परीक्षा के प्रश्न साझा किए गए थे।
ईमेल मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आज 23 जुलाई 2026 को डॉ. विनय कुमार पटेल, परीक्षा नियंत्रक, वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, देहरादून द्वारा कोतवाली प्रेमनगर में एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षा के तहत 8 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था।
शिकायत में जिक्र था कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न शेयर किए गए थे। परीक्षा संपन्न होने के बाद जब इन प्रश्नों का मुख्य प्रश्न पत्र से मिलान किया गया, तो उनमें भारी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय द्वारा इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता द्वारा छात्रों को अनुचित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को पूरी तरह भंग किया गया था।
वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मु0अ0सं0: 144/26, धारा 316, 318(4), 61(2) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अभियोग में त्वरित साक्ष्य संकलन और नामजद अभियुक्त के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए थे। विवेचक द्वारा गवाहों के बयान, प्राप्त दस्तावेजों और अन्य पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता (सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा) को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस द्वारा अभियुक्त से बरामद किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही, इस प्रकरण में संलिप्त अन्य संदिग्धों के संबंध में भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, और नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: आशीष कुमार गुप्ता (उम्र 40 वर्ष)पद: सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा (देहरादून)मूल निवासी: शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।