विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर में लंबे समय से चली आ रही वाहन पार्किंग की गंभीर समस्या का अब जल्द ही स्थायी समाधान होने जा रहा है। अस्पताल परिसर में 2 करोड़ 15 लाख 46 हजार रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। शासन द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी पेयजल निगम, श्रीनगर को सौंपी गई है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अस्पताल के सेंट्रल लैब के पीछे स्थित खाली भूमि पर बनने वाली इस बहुमंजिला पार्किंग से पूरे गढ़वाल मंडल से उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों, चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण अस्पताल परिसर में लगातार वाहनों का दबाव बना रहता है, जिससे आपातकालीन स्थिति में भी आवाजाही प्रभावित होती है।
नई पार्किंग के बन जाने के बाद अस्पताल के ओपीडी परिसर को पूरी तरह से वाहनों के दबाव से मुक्त रखा जा सकेगा, जिससे मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही अस्पताल परिसर अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित नजर आएगा।
प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने दिए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के निर्देशमेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने इस परियोजना को लेकर कहा कि बेस अस्पताल में वर्षों से पार्किंग की समस्या नासूर बनी हुई थी, जिससे हर दिन आने वाले लोगों को भारी फजीहत झेलनी पड़ती थी। बहुमंजिला पार्किंग इस समस्या का सबसे बेहतरीन और स्थायी समाधान साबित होगी।
डॉ. सयाना ने निर्माणदायी एजेंसी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने एजेंसी को चेतावनी दी कि कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की तैनाती की जाए, क्योंकि कम श्रमिकों के होने से कार्य की गति धीमी रहती है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
पेयजल निगम के सहायक अभियंता (AE) इरशाद हसन एवं अवर अभियंता (JE) नितिन नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बहुमंजिला पार्किंग के बनने से एक साथ 20 से अधिक चार पहिया वाहन (Four-Wheeler) तथा 65 दोपहिया वाहन (Two-Wheeler) सुगमता से पार्क किए जा सकेंगे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि निर्माण कार्य में उच्च कोटि की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा और इसे तय समयसीमा के भीतर जनता को समर्पित किया जाएगा।