सत्य की गूंज
हरिद्वार(ब्यूरो)। तीर्थनगरी हरिद्वार में देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं संभागीय परिवहन अधिकारी (देहरादून) संदीप सैनी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को हरिद्वार शहर के प्रमुख कमर्शियल हब शिवमूर्ति गली में बिना वैध लाइसेंस के चल रहे टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ एक बड़ा और विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
परिवहन विभाग की इस औचक कार्रवाई से अवैध रूप से टिकट बुकिंग और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं संचालित करने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया।
यह विशेष अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हरिद्वार, श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में संचालित किया गया। परिवहन विभाग की टीम ने क्षेत्र की विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों और बुकिंग कार्यालयों का बारीकी से गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अनेक टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटर बिना किसी वैध लाइसेंस के धड़ल्ले से यात्रियों की बुकिंग कर रहे थे और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का संचालन कर रहे थे। यह कृत्य मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और ‘सार्वजनिक सेवाओं द्वारा यात्रा कराने के लिए संचालित एजेंसियों एवं टिकटों की बिक्री हेतु विनियमावली, 2023’ के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। नियमों की धज्जियां उड़ाने पर टीम ने तत्काल 20 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी एआरटीओ (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने सभी संबंधित संचालकों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में बिना वैध लाइसेंस के किसी भी प्रकार का संचालन न किया जाए। टीम द्वारा मौके पर ही कड़ा संदेश दिया गया कि बिना लाइसेंस के सार्वजनिक परिवहन सेवाएं देना एक गंभीर व दंडनीय अपराध है। विभाग ने मौके से आवश्यक साक्ष्य (Evidence) संकलित कर नियमानुसार ‘निरीक्षण सह उल्लंघन विवरण’ तैयार किया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, धोखाधड़ी पर लगाम और नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि जनहित में जिले के भीतर अवैध रूप से पैर पसार रही ऐसी सभी ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी निरंतर सघन और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी संचालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने कानूनी दस्तावेज और लाइसेंस पूरे कर लें।