विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
टिहरी गढ़वाल(ब्यूरो)। जनपद टिहरी गढ़वाल के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में एक महत्वपूर्ण जनता दरबार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना गया। इस दौरान जिलाधिकारी के सम्मुख कुल 59 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो मुख्य रूप से पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग से संबंधित रहे।सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल की हुई समीक्षाकार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और ‘जन समर्पण पोर्टल’ पर दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन प्रकरणों का धरातल पर समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा कई क्षेत्रों से बरसात में गंदा पानी आने की शिकायत पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने जल निगम और जल संस्थान के सभी इंजीनियरों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने और क्लोरिनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोनिवि (PWD) और पीएमजीएसवाई (PMGSY) के अभियन्ताओं को हिदायत दी गई कि जिन संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन या सुरक्षा का खतरा है, वहां तुरंत सुरक्षा दीवार (Retaining Wall) और अन्य सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएं।जनता
धनोल्टी के सकलाना क्षेत्र (ग्राम दड़क) निवासी बुजुर्ग मूल्या सिंह उर्फ धरम सिंह ने भावुक होकर बताया कि उनकी कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपनी 25 नाली भूमि अपने भतीजे को इस शर्त पर दी थी कि वह उनका पालन-पोषण करेगा, लेकिन अब वह न तो देखरेख कर रहा है और उल्टा झगड़ा कर रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम धनोल्टी को प्राथमिकता के आधार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
चम्बा निवासी सब्बल सिंह चौहान ने शिकायत की कि नगर पालिका की नाली का पानी पिछले कई वर्षों से उनकी दुकान में घुस रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर डीएम ने ईओ नगर पालिका चम्बा को तुरंत मौके पर जाकर समस्या दूर करने को कहा।
देवप्रयाग तहसील के रामपुर निवासी राजकिशोर ध्यानी ने ‘कोटली भेल परियोजना’ के लिए वर्ष 2010 में अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा अब तक न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने इस पर एसएलएओ (SLAO) को तत्काल नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बौराड़ी स्टेडियम में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर बनाने की मांग पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को आज शाम ही संबंधित पक्षों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए गए।
इस महत्वपूर्ण जनता दरबार कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी (DDO) मो. असलम सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी और फरियादी उपस्थित रहे।