विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
कीर्तिनगर(ब्यूरो)। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, कीर्तिनगर में कार्यरत हिमानी डोभाल के पौड़ी जनपद में स्थानांतरण होने पर कार्यालय परिसर में एक गरिमापूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिमानी डोभाल के तीन वर्षीय कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की जमकर सराहना की और उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) नीतू बधानी ने हिमानी डोभाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा”हिमानी डोभाल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रत्येक दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया है। उनकी कार्यशैली अनुशासित, व्यवहार सहयोगी और सेवा भावना अनुकरणीय रही है। कार्यालय की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।”सीडीपीओ नीतू बधानी ने आगे कहा कि किसी भी सरकारी विभाग या संस्था की वास्तविक पहचान उसके कर्मठ और समर्पित कर्मचारियों से ही होती है। हिमानी ने अपनी कार्यकुशलता, समयपालन और सकारात्मक सोच से न केवल उच्चाधिकारियों का विश्वास जीता, बल्कि सहकर्मियों के बीच भी एक खास पहचान बनाई। उन्होंने विश्वास जताया कि पौड़ी में अपनी नई तैनाती के दौरान भी वे इसी प्रतिभा और कार्यक्षमता से विभाग का नाम रोशन करेंगी।सहकर्मियों ने भेंट किया स्मृति-चिह्न, उज्ज्वल भविष्य की कामना कीसमारोह में उपस्थित अन्य कर्मचारियों ने भी हिमानी डोभाल के समर्पित कार्यों और उनके सरल, सौम्य व सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की। इस दौरान विदाई की घड़ियों में सहकर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस गरिमापूर्ण विदाई समारोह में मंजू जोशी, ललिता धनाई, प्रिंसा नेगी, नवीन भट्ट, मीना चौहान सहित कार्यालय के तमाम अन्य कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।