सत्य की गूंज
हरिद्वार(ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत तेजी से विकास कर रहा है और देवभूमि उत्तराखंड भी उनके मार्गदर्शन में ‘नवोदय’ का संकल्प पूरा कर रही है। यह बात प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को स्थानीय प्रेस क्लब में आयोजित एक भव्य पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर अपने दो दिवसीय हरिद्वार प्रवास के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के सम्मुख रखा।उत्तराखंड में 2 लाख करोड़ से अधिक के विकास कार्य गतिमानसतपाल महाराज ने बताया कि उत्तराखंड के विकास के लिए पीएम मोदी का कार्यकाल एक वरदान साबित हुआ है। आज राज्य में केंद्र के सहयोग से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर ऐतिहासिक काम चल रहा है:
कनेक्टिविटी: चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ₹13 हजार करोड़ की लागत वाला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना देवभूमि की तस्वीर बदल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशन आधुनिक बनाए जा रहे हैं।
हवाई सेवाएं: जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार हो चुका है। उड़ान योजना के तहत 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। साल 2022 तक राज्य में मात्र 2 हेलीपोर्ट थे, जो आज बढ़कर 7 हो चुके हैं, जबकि हेलीपैड की संख्या 118 तक पहुंच गई है।
रोपवे नेटवर्क: पर्वतमाला परियोजना के तहत सोनप्रयाग से केदारनाथ (₹408 करोड़) और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब (₹2730 करोड़) तक रोपवे निर्माण से तीर्थाटन को नई दिशा मिलेगी।
बहुउद्देशीय परियोजनाएं: ₹3808 करोड़ की जमरानी बांध, ₹2600 करोड़ की सौंग बांध और ₹3966 करोड़ की लखवाड़ परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है।UCC पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में नंबर वन प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है और आज हरिद्वार जिला UCC पंजीकरण के मामले में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इसके अलावा नीति आयोग द्वारा हरिद्वार को ‘आकांक्षी जनपद’ के रूप में चयनित कर उत्कृष्ट कार्यों के लिए ₹3 करोड़ का पुरस्कार दिया गया है।
📊 हरिद्वार जनपद के विकास का मुख्य रिपोर्ट कार्ड:कुम्भ मेला-2027: आगामी कुंभ के लिए ₹1182.35 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे नए घाटों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों का निर्माण होगा।
सड़क सुदृढ़ीकरण: दिल्ली-हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक) और बहादराबाद-सिडकुल 4-लेन मार्ग का चौड़ीकरण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
लखपति दीदी व कन्याधन: स्वयं सहायता समूहों की मदद से हरिद्वार में 23 हजार से अधिक लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं। नंदा गौरा योजना के तहत 28 हजार बालिकाओं को लाभ मिला है।
स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा: स्थानीय नागरिकों के लिए 10 लाख 40 हजार आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। 1 लाख 63 हजार से अधिक लोगों को पेंशन और 1 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि मिल रही है।
हर घर जल: जल जीवन मिशन के तहत जिले के 2 लाख 40 हजार से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है।
हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर: इस भव्य कॉरिडोर की डीपीआर (DPR) तैयार हो चुकी है। निर्माण के बाद यह काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तरह दिव्य नजर आएगा।
अंतरराष्ट्रीय पटल पर मजबूत हुआ भारतवैश्विक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि आज दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का 56 प्रतिशत अकेले भारत में हो रहा है। कभी रक्षा जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाला देश आज आत्मनिर्भर बनकर निर्यात कर रहा है। अंतरिक्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण में भारत नया इतिहास लिख रहा है।
इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, दायित्वधारी राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, धर्मेंद्र चौहान, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर और मनोज गौतम सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व पत्रकार उपस्थित रहे।
