विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । आगामी 14 जून को मनाए जाने वाले ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ के उपलक्ष्य में हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय में शुक्रवार को ‘रक्तदाता जागरूकता दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के साथ ही अस्पताल में रक्तदान जागरूकता पखवाड़े की औपचारिक शुरुआत हो गई है। समारोह में क्षेत्र में रक्तदान क्रांति लाने वाले रक्तवीरों और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
ब्लड सेंटर बनेगा ‘ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग’कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा:”बेस चिकित्सालय का ब्लड सेंटर आज पूरे गढ़वाल क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी भूमिका निभा रहा है। चिकित्सा शिक्षा और सेवाओं को और अधिक सशक्त करने के लिए इस ब्लड सेंटर को भविष्य में ‘ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शोध (Research), प्रशिक्षण और उन्नत इलाज को नई दिशा मिलेगी।”उन्होंने आगे कहा कि रक्तदान सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, वर्ग और क्षेत्र की दीवारें टूट जाती हैं और केवल मानव जीवन को बचाने का संकल्प दिखाई देता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को नियमित रक्तदान करने की भावुक शपथ भी दिलाई।वित्त नियंत्रक ने समझाया ‘BLOOD’ का असली मतलब कार्यक्रम में विशिष्ट विचार रखते हुए वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा ने “BLOOD” शब्द के प्रत्येक अक्षर का अनूठा विश्लेषण करते हुए इसका अर्थ समझाया:
B – Bravery (बहादुरी)
L – Life Saving (जीवन की सुरक्षा)
O – Oxygen Provider (जीवनदायी ऑक्सीजन का प्रदाता)
O – Opportunity (किसी को नया जीवन देने का अवसर)
D – Determination (दृढ़ संकल्प)
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत और ब्लड सेंटर की प्रभारी डॉ. दीपा हटवाल ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे शरीर में नया रक्त बनता है जो हृदय और लीवर के स्वास्थ्य के लिए उत्तम है। पूर्व प्रभारी डॉ. सतीश कुमार ने ब्लड सेंटर की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को साझा किया।
🏆 ये संस्थाएं और रक्तवीर हुए सम्मानित प्राचार्य एवं वित्त नियंत्रक के हाथों इन प्रमुख संस्थाओं और प्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया:
संत निरंकारी मंडल (हरी लाल शाह), रोटरी क्लब (संजय रावत), ऋत्विक कंपनी, एनएमओ (डॉ. सुरेंद्र नेगी, डॉ. अमन भारद्वाज)। व्यापार सभा (वासुदेव कंडारी, हिमांशु अग्रवाल), देवेंद्र मणि मिश्रा, ग्राम सभा रूमधार (खुशीराम भट्ट)। अमर उजाला (डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल), बेस अस्पताल (मनमोहन सिंह)। जामा मस्जिद, आर्ट ऑफ लिविंग, एसएसबी (SSB) श्रीनगर, जय हो छात्र संगठन और अलकनंदा रोटरी क्लब के प्रतिनिधि।
