श्रीनगर बेस अस्पताल बना उत्तराखंड का नंबर-1, NABH निरीक्षण में 80% मानकों पर रहा अव्वल।"
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गुणवत्ता का लोहा मनवा लिया है। तीन दिनों तक चले NABH (National Accreditation Board for Hospitals) के कड़े निरीक्षण में अस्पताल 80 प्रतिशत मानकों पर खरा उतरा है। अब बस कुछ ही कदम की दूरी और श्रीनगर का यह अस्पताल उत्तराखंड का पहला एनएबीएच मान्यता प्राप्त सरकारी अस्पताल बनने के बेहद करीब है।
पिछले तीन दिनों से दिल्ली और मुंबई से आई तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम अस्पताल के कोने-कोने को परख रही थी। अस्पताल की सफाई, मरीज सुरक्षा, इलाज की तकनीक और प्रबंधन से जुड़े 170 मानकों की जांच की गई। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को “चौक-चौबंद” बताते हुए 80% मानकों को सफल पाया। शेष 20% छोटी कमियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार कर पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा।
अस्पताल को इस मुकाम तक पहुँचाने के लिए डॉ. गौरी बिष्ट के नेतृत्व में डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम पिछले 9 महीनों से दिन-रात जुटी हुई थी। निरीक्षण टीम ने स्टाफ की कार्यशैली और प्रोफेशनलिज्म की जमकर सराहना की।
अस्पताल की सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित माना जाएगा। उच्च स्तर की स्वच्छता और मरीज सुरक्षा सुनिश्चित होगी। अस्पताल को अतिरिक्त फंड और आधुनिक उपकरण मिलने की राह आसान होगी। ”एनएबीएच के मानकों पर 80% सफल होना गर्व की बात है। यह हमारे स्टाफ की महीनों की मेहनत का नतीजा है। इस मान्यता से श्रीनगर ही नहीं, बल्कि पूरे गढ़वाल क्षेत्र की जनता को वर्ल्ड क्लास चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।” — डॉ. आशुतोष सयाना, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज श्रीनगर