मेयर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने संयुक्त रूप से इस प्लांट का ट्रायल शुरू किया।
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । स्वच्छता और आधुनिक कचरा निस्तारण के क्षेत्र में श्रीनगर नगर निगम ने एक बड़ी छलांग लगाई है। शहर को कूड़ा मुक्त बनाने और कचरे से राजस्व (Income) पैदा करने के उद्देश्य से 150 टन प्रतिदिन क्षमता वाली आधुनिक ट्रॉमल मशीन का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। यह प्लांट न केवल श्रीनगर को स्वच्छ बनाएगा, बल्कि पहाड़ के अन्य शहरों के लिए एक मिसाल पेश करेगा।
इस प्लांट की कार्यप्रणाली बेहद आधुनिक है। शहर भर से इकट्ठा किया गया कूड़ा ट्रेचिंग ग्राउंड लाया जाएगा, जहाँ ट्रॉमल मशीन गीले और सूखे कचरे को वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग करेगी गीला कचरा जैसे रसोई और सब्जियों के अपशिष्ट से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार होगी। सूखा कचरा मै प्लास्टिक, गत्ता और कपड़ों को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा, जिससे आगे चलकर खिलौने और गमले जैसे उत्पाद तैयार होंगे।
मेयर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने संयुक्त रूप से इस प्लांट का ट्रायल शुरू किया। इस अवसर पर मेयर ने कहा, “यह प्लांट श्रीनगर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हमारा लक्ष्य श्रीनगर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ और आदर्श शहर बनाना है।”
नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने बताया कि इस वैज्ञानिक पद्धति से संसाधनों का पुनः उपयोग (Recycle) सुनिश्चित होगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
ट्रॉमल मशीन की क्षमता प्रतिदिन 150 टन कचरे का निस्तारण और आय का साधन खाद और सूखे कचरे की बिक्री से नगर निगम के राजस्व में होगी वृद्धि। पूर्ण संचालन के बाद यह पहाड़ का पहला सबसे आधुनिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट होगा। शुभारंभ के दौरान सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।