विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। नगर निगम कार्यालय में शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर मेयर आरती भंडारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में तय किया गया कि व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर अधिकतम 2.5 फीट तक ही सामान रख सकेंगे और किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सब्जी विक्रेताओं को नाली से 2.5 फीट की दूरी बनाकर दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्राहक दुकान के भीतर जाकर ही खरीदारी करें और सड़क पर भीड़भाड़ न हो।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ठेली-रेहड़ी संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही व्यापार करें। नियमों की अनदेखी करने पर उनका लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।मेयर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही डांग रोड को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने के भी निर्देश दिए गए।मेयर आरती भंडारी ने कहा, “नगर निगम का उद्देश्य शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और अतिक्रमणमुक्त बनाना है। हम चाहते हैं कि व्यापार भी सुचारु रूप से चलता रहे और आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी व्यापारी और ठेली-रेहड़ी संचालक नियमों का पालन करें, अन्यथा निगम को सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी।
”बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल, महासचिव अमित बिष्ट सहित निगम के पार्षद देवेंद्र मणि मिश्रा, रमेश रमोला, प्रवेश चमोली, धर्म सिंह रावत, सुमित बिष्ट, उज्ज्वल अग्रवाल, दिनेश पटवाल, शुभम प्रभाकर, अंजना डोभाल और अंजनी भंडारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।