"डॉ. अंबेडकर जयंती पर बेस अस्पताल श्रीनगर में रक्तदान करते एमबीबीएस छात्र।"
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) द्वारा ब्लड बैंक, एचएनबी बेस हॉस्पिटल में एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक सेवा और जनजागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बना, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. सतीश कुमार, डॉ. दीपा हटवाल, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. ए.एन. पांडेय तथा एनएमओ के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. सी.बी. त्रिपाठी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर के सफल संचालन में डॉ. अमन भारद्वाज ने समन्वयक की भूमिका निभाई।
शिविर में कुल 30 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें मुख्य रूप से एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभिषेक, सिमरन, कनिष्का, खुशबू, श्याम, हिमांशी, ऋषु, कुणाल, विनीत और पूजा सहित कई अन्य विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।