विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। उत्तराखंड के लोकपर्व ‘हरेला’ के पावन अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर पौधरोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में विभागवार समीक्षा बैठक ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का एक बड़ा जनआंदोलन है। इस महाअभियान का आगाज आगामी 16 जुलाई से होगा। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए 4 जुलाई से जनपद में ‘सेवा सप्ताह’ का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने विकास विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विकासखंड अपने-अपने क्षेत्र के पौधरोपण लक्ष्य की समेकित कार्ययोजना तत्काल तैयार करें।
जियो टैगिंग और हरित पंजिका: लगाए जाने वाले सभी पौधों के स्थलों का चयन कर उनकी जियो टैगिंग की जाएगी और एक ‘जनपद हरित पंजिका’ (Green Register) तैयार की जाएगी।समय सीमा: डीएम ने निर्देश दिए कि 13 जुलाई तक पौधरोपण के लिए गड्ढों की खुदाई, स्थल की तैयारी और प्रजातिवार पौधों के वितरण का कार्य 100% पूरा कर लिया जाए, ताकि 16 जुलाई से बिना किसी बाधा के अभियान शुरू हो सके।
निगरानी के लिए कंट्रोल रूम: इस पूरे महाअभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) पौड़ी को एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
4 जुलाई से ‘सेवा सप्ताह’—पात्र लोगों को मिलेगा योजनाओं का लाभ प्रशासनिक बैठक के दूसरे सत्र में जिलाधिकारी ने 04 जुलाई से शुरू होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अशोक जोशी को इस पूरे कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। यह सप्ताह ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की थीम पर आधारित होगा। इसके तहत जिला मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंडों में विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे, जन-जागरूकता कार्यक्रम होंगे और पात्र लाभार्थियों को सीधे ऑन-स्पॉट सरकारी योजनाओं का लाभ देकर सम्मानित किया जाएगा।सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देशमुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने बैठक में मौजूद सभी महकमों के अधिकारियों को शासन से मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय से सारी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाए ताकि सेवा सप्ताह का लाभ सीधे तौर पर जनहित में दिखे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भण्डारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।