विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत आगामी 18 नवंबर को 1 से 19 वर्ष तक के 1,22,663 बच्चों को एल्बेंडाजोल (कृमिनाशक) की दवा खिलाई जाएगी। इस व्यापक अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत जनपदभर में निम्नलिखित संस्थानों को शामिल किया गया है:2,237 विद्यालय1,857 आंगनबाड़ी केंद्र47 व्यावसायिक शिक्षण संस्थानअभियान के दौरान यदि कोई बच्चा किसी कारणवश दवा खाने से छूट जाता है, तो ऐसे बच्चों के लिए 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस पर दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए विकासखंड स्तर पर पहले ही दवाओं का वितरण किया जा चुका है तथा शिक्षक, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वच्छता की कमी के चलते कृमि संक्रमण बच्चों के शरीर में प्रवेश कर जाता है, जिससे खून की कमी (अनीमिया), कुपोषण और शारीरिक-मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है। थकान, चिड़चिड़ापन और चेहरे पर सफेद दाग इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और 18 नवंबर को उन्हें एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं।