विजय , सत्य की गूंज
कीर्तिनगर(ब्यूरो) । लोक निर्माण विभाग (लो0नि0वि0) कीर्तिनगर डिवीजन में तैनात अधिशासी अभियंता (EE) धीरेंद्र कुमार के हठी स्वभाव और जनता के प्रति खराब व्यवहार से आक्रोशित क्षेत्रवासियों को बड़ी सफलता मिली है। शासन स्तर से अधिशासी अभियंता का स्थानांतरण क्षेत्रीय कार्यालय लो0नि0वि0 देहरादून किए जाने के बाद स्थानीय आंदोलनकारी ने आगामी 8 जुलाई से प्रस्तावित अपना आमरण अनशन स्थगित कर दिया है।
इस संबंध में ग्राम-कपरोली (कीर्तिनगर) निवासी नरेंद्र सिंह (पुत्र श्री प्रेम सिंह) ने शासन के त्वरित निर्णय पर धन्यवाद ज्ञापित किया है।
शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि कीर्तिनगर डिवीजन में तैनात अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार का स्थानीय जनता के प्रति व्यवहार अत्यंत निराशाजनक था। वे लगातार ‘कर्मचारी नियमावली आचरण’ का उल्लंघन कर रहे थे।
क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मोटरमार्गों की समस्याओं और लोक निर्माण विभाग से जुड़े विषयों पर जब भी जनता या जनप्रतिनिधि उनसे संपर्क करने का प्रयास करते थे, तो वे फोन तक रिसीव नहीं करते थे।
नरेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि उक्त अधिकारी का ट्रैक रिकॉर्ड पहले भी विवादित रहा है। यह अधिकारी पूर्व में निलंबित भी हो चुका है और पूर्व में जिलाधिकारी टिहरी द्वारा इनका वेतन भी रोका गया था। इसके बावजूद वे अपनी हठधर्मिता पर अड़े थे और जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय उन्हें अनसुना कर रहे थे, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त था।
अधिकारी की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नरेंद्र सिंह ने बीती 19 जून 2026 को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को शासन स्तर पर तथा 20 जून 2026 को देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी को एक मांग पत्र प्रेषित किया था।
इस पत्र के माध्यम से उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि 01 जुलाई 2026 तक अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार का स्थानांतरण कीर्तिनगर डिवीजन से नहीं किया गया, तो वे अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर 08 जुलाई 2026 से उपजिलाधिकारी (SDM) कार्यालय कीर्तिनगर में क्रमिक अनशन/आमरण अनशन और धरने पर बैठ जाएंगे।
जनता के बढ़ते आक्रोश और पत्राचार का संज्ञान लेते हुए शासन ने त्वरित कार्रवाई की। नरेंद्र सिंह ने बताया कि 23 जून 2026 को शासन से प्राप्त आधिकारिक पत्र के माध्यम से ज्ञात हुआ कि अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार का स्थानांतरण कीर्तिनगर से क्षेत्रीय कार्यालय लोक निर्माण विभाग देहरादून कर दिया गया है।
”जनहित में त्वरित निर्णय लेने के लिए मैं शासन और प्रशासन का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ। चूंकि हमारी मुख्य मांग पूर्ण हो चुकी है, इसलिए मैं आगामी 08 जुलाई 2026 से प्रस्तावित अपने क्रमिक अनशन और आमरण अनशन के कार्यक्रम को पूरी तरह स्थगित करता हूँ।”
अधिकारियों से पूरी निष्ठा से कार्य करने का अनुरोध
नरेंद्र सिंह ने कीर्तिनगर क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में कार्यरत समस्त प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें, ताकि भविष्य में जनता को अपनी जायज समस्याओं के लिए सड़कों पर न उतरना पड़े।