विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग(ब्यूरो)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में आगामी समय से पहले ही राजनीतिक समीकरणों में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा जखंड के कई प्रभावशाली पूर्व जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया है। विधायक विनोद कंडारी, कैप्टन कुंवर सिंह रावत और सतीश लखेड़ा की मौजूदगी में इन सभी 30 साथियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जखंड ग्राम सभा के इन पुराने और अनुभवी चेहरों के भाजपा में शामिल होने को संगठन के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी में शामिल होने वालों में हरिकृष्ण डोभाल, सतीश लखेड़ा, धर्मानन्द लखेड़ा, पूर्व प्रधान सबल लाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन दास, पूर्व प्रधान बसाखू लाल और पूर्व प्रधान जितेन्द्र लाल टम्टा समेत कुल 30 सम्मानित साथी शामिल हैं।
भाजपा नेताओं ने इन सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इनका अनुभव और जनसेवा का जज्बा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा।विकास के संकल्प को मिलेगी गतिपार्टी में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए स्थानीय नेतृत्व ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सुशासन एवं विकास’ के संकल्प को इन साथियों के जुड़ने से नई ऊर्जा मिलेगी। संगठन ने विश्वास जताया है कि देवप्रयाग विधानसभा के हर कोने तक विकास की रोशनी पहुँचाने के कार्य में यह टीम एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
इस अवसर पर हरिकृष्ण डोभाल, सतीश लखेड़ा, धर्मानन्द लखेड़ा, दिनेश लखेड़ा, राकेश लखेड़ा, आशाराम डोभाल, रमेश लाल, सबल लाल (पूर्व प्रधान), नवीन दास (पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य), बसाखू लाल (पूर्व प्रधान), उत्तम दास, राम दास, मुकेश दास, सरत लाल और जितेन्द्र लाल टम्टा (पूर्व प्रधान) समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।इस बड़े दल-बदल से क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, और इसे देवप्रयाग में भाजपा के बढ़ते जनाधार के रूप में देखा जा रहा है।