विजय बहुगुणा / सत्य की गूंज (ब्यूरो)
देहरादून / भराड़ीसैंण। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि भराड़ीसैंण विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पारित होना उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। अनुपूरक बजट में सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण पर विशेष फोकस किया है। इस दूरदर्शी और जन-कल्याणकारी बजट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार्दिक बधाई दी है।
कैबिनेट मंत्री श्री महाराज ने कहा कि इस अनुपूरक बजट के बाद राज्य का कुल वार्षिक बजट 1,11,703.21 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,19,547.39 करोड़ रुपये हो गया है, जो राज्य सरकार की विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि प्राथमिकताओं का बजट है। इसमें से 4,164.32 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए रखना यह सिद्ध करता है कि सरकार केवल वर्तमान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए उत्तराखंड का निर्माण कर रही है। साथ ही, 3,679.86 करोड़ रुपये का राजस्व व्यय प्रशासनिक और जन-सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
कृषि क्षेत्र: अन्नदाता किसानों की उपज की खरीद और संबंधित योजनाओं के लिए 1,244 करोड़ रुपये का प्रावधान किसान हितैषी सरकार का प्रमाण है।
युवा एवं महिला कल्याण: शिक्षा और खेल गतिविधियों के लिए 278 करोड़ रुपये से युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा, जबकि महिलाओं के पोषण और कल्याण के लिए 117 करोड़ रुपये मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है।
स्वास्थ्य सुरक्षा: अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ और राज्य कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ (कुल 225 करोड़ रुपये) का प्रावधान स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
संस्कृति एवं विरासत: दिव्य और भव्य कुंभ की व्यवस्थाओं के लिए 290 करोड़ रुपये, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए 30 करोड़ रुपये और मां नंदा राजजात यात्रा के संचालन के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान विकास के साथ-साथ विरासत के संरक्षण का अद्भुत उदाहरण है।
श्री महाराज ने अंत में कहा कि यह अनुपूरक बजट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जहाँ किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, श्रद्धालु और उद्यमी—सभी के कल्याण का पूरा ध्यान रखा गया है। यह बजट उत्तराखंड को आत्मनिर्भर, विकसित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।