एकेश्वर: नौगांवखाल में खुली CSD कैंटीन, मंत्री सतपाल महाराज ने वीर शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज (ब्यूरो)
एकेश्वर / पौड़ी गढ़वाल। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के नौगांवखाल में भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सी.एस.डी. (CSD) कैंटीन का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान क्षेत्र के वीर शहीदों के परिजनों और वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि भारतीय सेना केवल एक सैन्य संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव, अनुशासन, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। हमारे वीर जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक अपने अनुभव और अनुशासन से समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वीर नारियां और सैनिक परिवार भी अपने त्याग से राष्ट्रसेवा में सहभागी बनते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि नौगांवखाल में शुरू हुई यह सी.एस.डी. कैंटीन इसी सम्मान और सुविधा की दिशा में एक अहम कदम है। इसके स्थानीय स्तर पर शुरू होने से पात्र सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा अन्य अधिकृत लाभार्थियों को दैनिक आवश्यकता की वस्तुएं सुगमता से मिल सकेंगी।
सरकार द्वारा सैनिक कल्याण के क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कोटद्वार में शहीद स्थल बनाए जाने की घोषणा के तहत भूमि का स्थानांतरण हो चुका है और शीघ्र ही कार्य शुरू होगा। इसके अलावा शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये का अनुदान, घर की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये, द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों व विधवाओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये की सहायता तथा बेटियों के विवाह हेतु 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। साथ ही संस्कृति विभाग के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में शहीद द्वारों और मूर्तियों की स्थापना भी कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के परिजनों और क्षेत्र के वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
राइफलमैन हरेन्द्र सिंह रावत (कारगिल युद्ध) के पिता श्री मुकंद सिंह रावत
सूबेदार धर्मवीर सिंह असवाल (ऑपरेशन राइनो) के परिवार से श्री संजय सिंह रावत
नायक वीर सिंह (ऑपरेशन पराक्रम) के भाई श्री किशोर सिंह नेगी
राइफलमैन विपिन कुमार (ऑपरेशन पराक्रम) के परिजन श्री परमानंद चतुर्वेदी
राइफलमैन देवेंद्र कुमार पोखरियाल (कारगिल युद्ध) की बहन श्रीमती कुसुम देवी
राइफलमैन बलबीर सिंह (ऑपरेशन विजय/कारगिल) के भाई श्री राकेश सिंह
राइफलमैन आनंद सिंह (1971 युद्ध) के पुत्र श्री सोहन सिंह
राइफलमैन प्रदीप सिंह (ऑपरेशन पवन) की माताजी श्रीमती सूमा देवी
राइफलमैन दीपक रावत (कारगिल युद्ध) के भाई श्री अनूप सिंह
श्री श्याम सिंह राणा (1965 युद्ध) के भाई श्री भगवान सिंह राणा
सूबेदार राजे सिंह राणा (1971 युद्ध) के पुत्र श्री विक्रम सिंह
सूबेदार श्याम सिंह नेगी (कारगिल युद्ध) की धर्मपत्नी श्रीमती संपत्ति देवी
राइफलमैन राजे सिंह (1971 युद्ध) की धर्मपत्नी श्रीमती बच्ची देवी
राइफलमैन सतवीर सिंह (कारगिल युद्ध) की धर्मपत्नी श्रीमती शकुंतला देवी
इसके साथ ही 92 वर्षीय वृद्ध गौरव सेनानी श्री महिपाल सिंह नेगी तथा कैंटीन स्थापना में सहयोग करने वाले पूर्व सैनिक श्री आलम सिंह रावत को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन शिव प्रसाद सती, गौरव सेनानी संगठन चौंदकोट के अध्यक्ष चंद्र सिंह कैंतूरा, एसडीएम चौबट्टाखाल रेखा आर्य, कर्नल मनोज उनियाल, सीमा सजवान, रामेश्वर राणा, भगवती प्रसाद चमोला, संजय मंगाई, राकेश कुमार गोड़, किशोर कैंथोला, संजय बमोला, लेफ्टिनेंट जनरल जे.एस. राणा, ब्रिगेडियर वी.एस. नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह रावत ने किया।