विजय बहुगुणा/ सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी का एक बड़ा संकल्प अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रहा है। गढ़वाल की आराध्य माँ धारी देवी मंदिर में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंदिर के समीप लगभग 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है।
महापौर आरती भंडारी ने चुनाव जीतने के बाद जनता से माँ धारी देवी मंदिर क्षेत्र में पार्किंग सुविधा दिलाने का वादा किया था। इसी वादे को पूरा करने के लिए उन्होंने अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 61/2023 के तहत प्रस्तावित पार्किंग को नगर निगम श्रीनगर को आवंटित करने का अनुरोध किया था।
प्रस्तावित योजना के तहत श्रीनगर तहसील के ग्राम कलियासौड़ (पट्टी चलणल्यूं) में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के बाईं ओर, श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में बनने वाली इस दो मंजिला पार्किंग में लगभग 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी।
जाम और हादसों से मिलेगी राहतचारधाम यात्रा और नवरात्र के दौरान माँ धारी देवी मंदिर में भारी संख्या में वाहन पहुँचते हैं, जिससे एनएच-07 पर अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है। इस पार्किंग के बन जाने से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।कार्यदायी संस्था के चयन और भूमि हस्तांतरण (एनओसी) की प्रक्रिया सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में गतिमान है। महापौर आरती भंडारी ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।