विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज (ब्यूरो)
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में केंद्रीय सतर्कता आयोग के आह्वान पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सप्ताहव्यापी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का औपचारिक शुभारंभ कुलपति सचिवालय एवं प्रशासनिक प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) प्रो. एम.एम. सेमवाल ने उपस्थित समस्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई तथा कहा कि सत्यनिष्ठा को केवल शपथ तक सीमित न रखकर अपने आचरण का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस मौके पर प्रो. एम.एम. सेमवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाला यह विशेष अभियान विश्वविद्यालय समुदाय में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और पारदर्शी कार्य-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान की गरिमा और विश्वसनीयता उसके कार्मिकों के नैतिक आचरण तथा जवाबदेही पर निर्भर करती है। भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक शासकीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और सतर्कता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी कुलपति प्रो. एन.एस. पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. ओ.पी. गुसाईं, उप सतर्कता अधिकारी प्रो. महेंद्र बाबू, मुख्या नियंता प्रो. दीपक कुमार, प्रो. वाई.पी. रेवानी, कुलसचिव प्रो. ए.के. मोहन्ती तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।