विजय बहुगुणा / सत्य की गूंज ब्यूरो
बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती ने ब्रिटिश अधिकारी (संयुक्त प्रांत के गवर्नर) लॉर्ड मैलकम हैली के सामने तिरंगा फहराया था और ‘गो बैक मैलकम हैली’ के नारे लगाए थे। उस समय मैलकम हैली ने कहा था कि यदि वह पिस्तौल निकालकर मुझे मार देते, तो भी मैं उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता था।
उक्त बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं ‘उत्तराखंड रत्न’ कर्मवीर जयानंद भारती की 146वीं जयंती के अवसर पर विकासखंड बीरोंखाल के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर, स्यूंसी में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कहीं। उन्होंने कहा कि जयानंद भारती का जीवन त्याग, संघर्ष, सामाजिक न्याय और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है।डोला-पालकी आंदोलन और सामाजिक समरसता में योगदानस्यूंसी में 17-18 अक्टूबर तक आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि जयानंद भारती का स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण योगदान ऐतिहासिक डोला-पालकी आंदोलन में रहा है। उस समय समाज के कुछ वर्गों को विवाह जैसे आयोजनों में डोला-पालकी के उपयोग तक के अधिकार से वंचित रखा जाता था। जयानंद भारती ने इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था का पुरजोर विरोध किया और सामाजिक समानता की नींव रखी।
श्री महाराज ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और महान विभूतियों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नई पीढ़ी को उनके संघर्षों से अवगत कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने उत्तराखंड रत्न कर्मवीर जयानंद भारती के जीर्ण-क्षीर्ण भवन के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया है, जिस पर मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति भी प्रदान कर दी है।इस अवसर पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत सदस्य रजनी रावत, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेश दर्शन, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा, बीकेटीसी सदस्य सुश्री नीलम, पूर्व प्रमुख प्रीति देवी, आर्य समाज के राष्ट्रीय महामंत्री विनय आर्य, ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी, सोनिया वालिया और स्थानीय एसडीएम सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।