विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल)। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कीर्तिनगर में तैनात अधिशासी अभियंता (ईई) धीरेंद्र कुमार के तबादले, उनके कार्यकाल के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की 202 ग्राम पंचायतों में सड़कों की गुणवत्ता व मानकों के कड़ाई से पालन की मांग को लेकर पिछले 24 सितंबर से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आखिरकार आठवें दिन ईई के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी कार्यालय कीर्तिनगर परिसर में चल रहे धरना स्थल पर स्वयं अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार पहुँचे और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी एवं पत्रकार नरेन्द्र सिंह से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद, ईई धीरेंद्र कुमार ने नरेंद्र सिंह को जूस पिलाकर अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कराया।
धरना स्थगित होने के बाद नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल ईई धीरेंद्र कुमार से मुलाकात करेगा और लोक निर्माण विभाग के कार्यों, सड़क निर्माण की गुणवत्ता तथा तय मानकों के अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा करेगा।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जनता के हितों और सड़कों की गुणवत्ता के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। देवप्रयाग विधानसभा की सड़कों का निर्माण केवल कागजों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि धरातल पर टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण कार्य दिखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आश्वासन के आधार पर फिलहाल धरना स्थगित किया गया है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई पर पूरी नजर रहेगी। यदि भविष्य में लापरवाही बरती गई, तो आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।
धरना समाप्ति के दौरान लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर ठेकेदार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र बुटोला, दिनेश भट्ट, नरेन्द्र कुंवर, अमित मेवाड़, कृपाल सिंह, जितेन्द्र रावत और अमरजीत सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे।