विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। नगर निगम कार्यालय में नगर निगम की महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई के परियोजना प्रबंधक रवींद्र सिंह गंगारी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य एजेंडा श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना रहा।
बैठक के दौरान एसटीपी (Sewage Treatment Plant) के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से घरों और उद्योगों से निकलने वाले दूषित व गंदे पानी को पूरी तरह साफ कर उसे पुनः उपयोग योग्य बनाया जा सकेगा। इसके साथ ही, श्रीनगर निगम क्षेत्र में सीवर लाइन नेटवर्क बिछाने की रूपरेखा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि निगम क्षेत्र में एसटीपी निर्माण और सीवर लाइन बिछाने का पूरा प्रोजेक्ट कुल तीन चरणों (फेज) में प्रस्तावित है। राहत की खबर यह है कि इस परियोजना के प्रथम फेज के कार्यों को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, और बहुत जल्द इसके लिए आवश्यक धनराशि भी निर्गत होने की पूरी संभावना है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकेंगे।