विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शहर की स्वच्छता और सुंदरता को लेकर बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। श्रीकोट गंगानाली क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन की कार्यदायी संस्था के ठेकेदार द्वारा नाली बंद कर गंदगी फैलाने का मामला सामने आने पर महापौर ने मौके पर पहुंचकर 50 हजार रुपये की भारी-भरकम चालानी कार्रवाई करवाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत मिल रही थी कि उक्त निर्माणाधीन भवन के ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री से नाली को अवरुद्ध कर दिया गया है और आसपास भारी गंदगी फैलाई जा रही है। महापौर आरती भंडारी ने बताया कि संबंधित संस्था को पहले भी कई बार नाली साफ करने और निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लगातार अनदेखी किए जाने पर उन्होंने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही स्पष्ट पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम की टीम को मौके पर ही 50 हजार रुपये का चालान काटने के निर्देश दिए।”लापरवाही बर्दाश्त नहीं, शहर को स्वच्छ रखना प्राथमिकता”महापौर आरती भंडारी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि नगर निगम क्षेत्र में यदि किसी ने भी गंदगी फैलाई, नालियों को अवरुद्ध किया या सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री व मलबा डालकर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित किया, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कानूनी व चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रीनगर को एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही, महापौर ने नगरवासियों से भी ‘स्वच्छ श्रीनगर’ के इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर को और अधिक संवारने के लिए नागरिक अपने बहुमूल्य सुझाव सीधे नगर निगम के साथ साझा कर सकते हैं, ताकि जनसहभागिता के जरिए स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।