श्रीनगर: प्रेस क्लब भवन के लिए उठी मांग, महापौर आरती भंडारी ने भूमि उपलब्ध कराने का दिया भरोसा
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़े प्रेस क्लब भवन निर्माण के प्रयास अब तेज होते नजर आ रहे हैं। बुधवार को भारत श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड़ और प्रेस क्लब श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम की महापौर आरती भंडारी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया।
महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं, जो शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों की खबरों को अपनी लेखनी के माध्यम से प्रमुखता से उठाते हैं। इसके बावजूद, श्रीनगर के पत्रकारों के पास अब तक अपना कोई स्थायी प्रेस क्लब भवन नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने निगम क्षेत्र के अंतर्गत लगभग दो नाली (करीब 400 वर्गमीटर) भूमि प्रेस क्लब के नाम आबंटित करने का आग्रह किया।
पत्रकारों की इस जायज मांग को गंभीरता से सुनते हुए महापौर आरती भंडारी ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर भूमि की उपलब्धता का बारीकी से परीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को उठाने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है। श्रीनगर के पत्रकारों को अपना स्थायी प्रेस क्लब भवन मिले, इसके लिए नगर निगम हरसंभव प्रयास करेगा। यदि निगम क्षेत्र में सीधे भूमि उपलब्ध नहीं होती है, तो जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर इस दिशा में ठोस पहल की जाएगी।”
महापौर के इस सकारात्मक और आश्वस्त करने वाले रुख से श्रीनगर के पत्रकारों में एक नई उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी यह मांग अब जल्द ही धरातल पर उतर सकेगी।