विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। जनपद पौड़ी गढ़वाल में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए महिला हितैषी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला मुख्यालय स्थित बस अड्डे पर बाल विकास विभाग द्वारा निर्मित ‘अमृत कक्ष’ (फीडिंग रूम) का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही, बस अड्डे की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने गंदगी और अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
अमृत कक्ष का उद्घाटन करने के बाद जिलाधिकारी ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और एक लाभार्थी महिला से संवाद कर फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंटकर उसका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान धात्री माताओं और शिशुओं को आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस कक्ष को विकसित किया गया है, जहाँ महिलाएं सुरक्षित, निजी और गरिमापूर्ण वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकेंगी।
इसके अतिरिक्त, बस अड्डे पर महिलाओं एवं किशोरियों की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित की जा रही है। गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भी गत दो माह से ऐसी मशीनें सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस अड्डे के शौचालयों का गहन निरीक्षण किया। कई स्थानों पर साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने और शौचालयों में पेयजल व नलों की व्यवस्था अधूरी पाए जाने पर उन्होंने साफ-सफाई का जिम्मा संभाल रही संस्था सुलभ इंटरनेशनल के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और टूटी टोंटियों को बदलने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर संस्था के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।
बस अड्डा परिसर में कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने पर डीएम ने सभी टूटी कुर्सियों को तुरंत बदलने और यात्रियों के लिए पर्याप्त व टिकाऊ बैठने की व्यवस्था करने को कहा।
परिसर की दीवारों पर अनधिकृत बैनर और पोस्टर लगाने पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका) को बस अड्डे के समग्र सौंदर्यीकरण, फ्लोरिंग, रंग-रोगन और सुदृढ़ीकरण के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में ये रहे
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और किशोरियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। इस दौरान एआरटीओ एन.के. ओझा, मंगल सिंह, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, नरेंद्र टम्टा और अरविंद रावत सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।