कोटद्वार के आमपड़ाव में 75 पव्वे अवैध शराब बरामद, आबकारी विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
कोटद्वार(ब्यूरो)। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के सख्त निर्देशों के क्रम में आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोटद्वार के आमपड़ाव क्षेत्र में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की, जिसमें 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि आमपड़ाव क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 (कोटद्वार) को तुरंत जांच के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, जांच के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से शराब बेचने वालों के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके बाद विभाग ने अपने खुफिया तंत्र और सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 19 जुलाई को की गई छापेमारी में एक संदिग्ध के घर से 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद 28 जुलाई को भी आमपड़ाव क्षेत्र के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जुलाई माह के दौरान अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपदभर में कुल 114 प्रवर्तन कार्रवाइयां अंजाम दी गई हैं। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 16 मुकदमे दर्ज किए गए।
कुल 227.77 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
विभाग द्वारा खोलाचौरी, फिरोजपुर, सिम्बलचौड़, लालपुर, गवाणी, सतपुली मोटरमार्ग, कौड़िया चेकपोस्ट, आमपड़ाव, मेकड़ा, मझोला, चौखाल, मुसेटी, आगरखाल (खेडूड़ी), दूतिया और नौडखाल सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर शिकंजा कसा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब का धंधा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।