श्रीनगर: मेडिकल कॉलेज में NMO ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, प्राचार्य प्रो. डॉ. आशुतोष सयाना रहे मौजूद
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (VCSGGMS&R), श्रीनगर गढ़वाल की राष्ट्रीय मेडिकोज़ ऑर्गेनाइज़ेशन (NMO) इकाई द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं ‘हरित भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह संपूर्ण कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में NMO इकाई के उपाध्यक्ष डॉ. सौरभ सचर का विशेष सहयोग रहा, जबकि कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. अमन भारद्वाज द्वारा किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह पटवाल, चतुर सिंह राणा के साथ-साथ छात्र बोरिस और मोहित की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने रोपित किए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण और उनके संवर्धन का दृढ़ संकल्प लिया।