अजय,सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत एक बड़ी खबर आ रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी (DM) डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से तत्काल अपने बीएलओ (BLO) से संपर्क कर 07 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम अपील की है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन नागरिकों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनका नाम मतदाता सूची से छूट सकता है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल पंजीकृत 13.76 लाख मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं, जिनमें से 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। हालांकि, चिंता की बात यह है कि अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो नागरिक या नौकरीपेशा लोग दिन के समय अपने घरों पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे लोग: ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ (Book a Call with BLO) सुविधा के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर समय पर अपना गणना प्रपत्र जमा करा सकते हैं।