विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। रसायन एवं पेट्रो रसायन विभाग (रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वाधान में हिंदुस्तान इंसेक्टिसाइड्स लिमिटेड (HIL) द्वारा एक विशेष किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आंचल डेयरी श्रीनगर एवं कृषि विज्ञान केंद्र भरसार के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र की कृषक महिलाओं और पुरुषों को आधुनिक खेती व पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
हरित ऊर्जा की ओर बड़े कदमकार्यक्रम के दौरान आंचल डेयरी श्रीनगर द्वारा निर्मित शहर के प्रथम बायोगैस प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस बायोगैस प्लांट को क्षेत्र में हरित ऊर्जा (Green Energy) और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक बेहद सराहनीय और मील का पत्थर साबित होने वाला कदम बताया गया।
इस अत्याधुनिक प्लांट की क्षमता 300 किलोग्राम प्रतिदिन की है। आंचल डेयरी द्वारा स्थानीय गौ पालकों को आर्थिक संबल देते हुए 1.5 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से गोबर क्रय किया जा रहा है, जिसका उपयोग इस बायोगैस के निर्माण में हो रहा है।
इस प्लांट के माध्यम से आंचल डेयरी के 500 मीटर के दायरे में आने वाले उपभोक्ताओं को मात्र 56 रुपये प्रति किलोग्राम की किफायती दर से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित भारी संख्या में किसान भाई-बहनों को खेती-किसानी को उन्नत बनाने के गुर सिखाए गए। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खेती करते समय कीटनाशकों के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग तथा वैज्ञानिक तरीके से कीट प्रबंधन (Pest Management) के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इसी कड़ी में खेती को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कृषक बहनों को सुरक्षा किट भी वितरित की गई।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रशासनिक अधिकारी, डेयरी विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से श्रीमती नुपुर वर्मा (उपजिलाधिकारी श्रीनगर/नगर आयुक्त), श्रवण कुमार (जनरल मैनेजर, आंचल डेयरी), सुरेन्द्र सिंह राणा (एडिशनल डायरेक्टर, आंचल डेयरी पौड़ी), तेजपाल (हेड, कृषि विज्ञान केंद्र भरसार, पौड़ी), शोभित चहल (HIL इंडिया लिमिटेड),अशोक कुमार (सीईओ, HEMU बायोगैस प्लांट), धर्म सिंह रावत (पार्षद, नगर निगम), दिनेश पटवाल (पार्षद, नगर निगम), गुड्डी गैरोला (पार्षद, नगर निगम)
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय कृषक भाई-बहनों ने इस पहल की सराहना की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया।