विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। नगर क्षेत्र से पिछले 13 दिनों से लापता वाल्मीकि समुदाय एक नाबालिग लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराज और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आज कोतवाली का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बच्ची की सकुशल बरामदगी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी असंतोषलापता नाबालिग के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार गहरी चिंता में हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
घटना के 13 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। देवभूमि के शांत माने जाने वाले इस क्षेत्र में नाबालिगों के गायब होने और सुराग न मिलने से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है।
यदि पुलिस प्रशासन ने अगले कुछ दिनों में बच्ची को बरामद नहीं किया, तो पूरा क्षेत्र सड़कों पर उतरकर तीव्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कोतवाली में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि:”नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं और सुरागों को खंगाल रही है और जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।”