अजय, सत्य की गूंज
नई दिल्ली/देहरादून(ब्यूरो)। उत्तराखंड के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास (6-ए, कृष्णा मेनन मार्ग) पर शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर विकसित किए जा रहे एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) बनबसा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गृह मंत्री को भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) बनबसा को जोड़ने वाली एप्रोच रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग) के निर्माण कार्य की धीमी गति से अवगत कराया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एप्रोच रोड का काम धीमा होने से आईसीपी बनबसा के विकास और निर्माण कार्यों की प्रगति प्रभावित हो सकती है।
श्री महाराज ने इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र भी सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि: वर्तमान में निर्माण स्थल तक पहुँचने के लिए केवल 10 टन क्षमता वाला एक पुराना पुल ही उपलब्ध है। इस कम क्षमता वाले पुल के कारण भारी निर्माण सामग्री और भारी मशीनरी को लाने-ले जाने में काफी कठिनाई हो रही है। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए एप्रोच रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, बैठक में बनबसा और महेंद्र नगर के बीच बनने वाले ‘ट्राइपॉड’ को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच गंभीर चर्चा हुई।
अमित शाह को भेंट की पुस्तक, गृह मंत्री ने की उत्तराखंड की इस अनूठी पहल की तारीफमुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने गृह मंत्री अमित शाह को उत्तराखंड पर्यटन द्वारा प्रकाशित पुस्तक “Ambles Across Godland” भेंट की।
इस पुस्तक में विशेष रूप से दर्शाया गया है कि उत्तराखंड सरकार ने किस तरह राज्य के अनुपयोगी (Old/Defunct) हो चुके पुलों पर कैफेटेरिया बनाकर उनका बेहतरीन और रचनात्मक सदुपयोग किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार के इस इनोवेटिव आइडिया और कार्य की काफी सराहना की।