#PithuwalaPolytechnic #DehradunNews #UPTA #PolytechnicTeachersProtest #UttarakhandEducation #CrimeInDehradun #TeachersSecurity
अजय, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । राजधानी देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पिथुवाला में हाल ही में घटित हुई मारपीट की अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना के विरोध में प्रदेशभर के तकनीकी शिक्षक लामबंद हो गए हैं। उत्तराखण्ड पॉलिटेक्निक शिक्षक संघ (UPTA) के आह्वान पर आज राज्य के विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
”शिक्षण संस्थान ज्ञान, अनुशासन और संस्कार के पवित्र केंद्र होते हैं। ऐसे परिसरों में हिंसा, गुंडागर्दी और मारपीट जैसी घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। इस प्रकार की अराजकता न केवल कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को दूषित करती है, बल्कि वहां कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों और पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व मनोबल पर भी बेहद प्रतिकूल प्रभाव डालती है।”
उत्तराखण्ड पॉलिटेक्निक शिक्षक संघ (UPTA) ने शासन और पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाने की मांग की है। संघ की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
निष्पक्ष व त्वरित जांच: घटना में संलिप्त सभी उपद्रवी और दोषी तत्वों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हिमाकत न कर सके।
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हो: तकनीकी शिक्षण संस्थानों के परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद किया जाए ताकि स्टाफ और छात्र खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
शिक्षक संघ ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि वे अपने शिक्षकों और कर्मचारियों की गरिमा व सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। यदि प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त और दंडात्मक कदम नहीं उठाए, तो संघ भविष्य में लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और अधिक तेज करने के लिए मजबूर होगा।
