विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता खजान दास ने बुधवार को श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती अपने एक परिजन का हालचाल जाना और अस्पताल की चिकित्सा, सफाई व प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखकर संतोष व्यक्त किया।
परिजनों से की मुलाकात, डॉक्टरों की टीम को सराहाजानकारी के अनुसार, बगवान क्षेत्र निवासी कैबिनेट मंत्री खजान दास की पत्नी की बड़ी बहन विगत दो दिनों से बेस अस्पताल के मेडिसिन विभाग में उपचाराधीन हैं।
मंत्री खजान दास ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से मरीज के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उपचार प्रक्रिया को लेकर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने भर्ती परिजन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि यहाँ उन्हें बेहतरीन उपचार मिलेगा। उन्होंने मरीज को सलाह दी कि जल्दबाजी में अस्पताल से छुट्टी लेने के बजाय चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा इलाज लें।
अस्पताल की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा:”बेस अस्पताल में मरीजों को अब उच्च स्तरीय और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इसके चलते अब गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को छोटे-बड़े उपचार के लिए देहरादून या अन्य महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। यह इस पूरे पर्वतीय क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और नई दिशा देने वाला प्रयास है।”उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत कर मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवाभाव की खुलकर प्रशंसा की। साथ ही, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को भी उत्कृष्ट बताया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना की ओर से भी भर्ती मरीज के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। आम मरीजों की तरह ही वे खुद समय-समय पर संबंधित चिकित्सकों से मरीज की स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।
मंत्री के दौरे के दौरान अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर खुशी जताई। स्थानीय जनता का कहना था कि पिछले कुछ समय में बेस अस्पताल (विशेष रूप से हाल ही में शुरू हुई कैथ लैब जैसी सुविधाओं के बाद) की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे क्षेत्रीय जनता को बहुत बड़ी राहत मिल रही है।
