बेस अस्पताल श्रीनगर में स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी की 107वीं जयंती मनाई गई।
श्रीनगर गढ़वाल ब्यूरो । राजकीय संयुक्त चिकित्सालय (बेस अस्पताल) में ‘हिमालय पुत्र’ और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी की 107वीं जयंती गौरवपूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए ‘आंचल कैफे’ का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बहुगुणा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा: “बहुगुणा जी का जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरणा देता है। गढ़वाल की जीवनरेखा कहे जाने वाले इस अस्पताल का नाम उनके नाम पर होना ही उनके महान योगदान का प्रमाण है। उनके दूरदर्शी प्रयासों के कारण ही आज क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ हैं।”
जयंती के शुभ अवसर पर बेस अस्पताल में आंचल कैफे का उद्घाटन किया गया। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को कैंपस के भीतर ही उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री मिल सकेगी।
कैफे के माध्यम से तीमारदारों को रात-बेरात खान-पान के लिए बाहर नहीं भटकना होगा। आंचल डेयरी के जीएम श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि यहाँ गांवों से आने वाले शुद्ध दूध से बने उत्पाद उपलब्ध होंगे। प्राचार्य ने घोषणा की कि जल्द ही मेडिकल कॉलेज परिसर में भी इसी तरह का कैफे खोला जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. दीपा हटवाल, डॉ. अजेय विक्रम सिंह, डॉ. ए.एन. पांडेय, विकास डिमरी सहित कॉलेज के फैकल्टी सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बहुगुणा जी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।