चंद्रपुरी में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार एवं अन्य अतिथि।
सत्य की गूंज
रुद्रप्रयाग(चंद्रपुरी)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का चंद्रपुरी में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने ‘कार्य विस्तार’ विषय पर अपना संबोधन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य विस्तार का अर्थ केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ से लेकर केंद्र स्तर तक सक्रिय और अनुशासित बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करें।
इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। ‘हमारा वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन ही भाजपा की विकास यात्रा का मूल आधार है। उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए पार्टी के इतिहास और विचारधारा की महत्ता को रेखांकित किया।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा-समर्पण भाव से इन योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
विद्वान वक्ताओं ने दिए विभिन्न विषयों पर व्याख्यान
प्रशिक्षण के दौरान अलग-अलग सत्रों में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई:
कुंदन परिहार (प्रदेश महामंत्री): ‘विचार परिवार’ के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों और भारतीय परिवार प्रणाली पर जोर दिया।
नलिन भट्ट (प्रदेश मंत्री): भाजपा के इतिहास और विकास यात्रा की जानकारी दी।
विकास तिवारी (प्रदेश सहसंयोजक मीडिया): सोशल मीडिया और मीडिया के प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।
इसके अलावा रामचंद्र गौड़, कोस्तुभानंद जोशी, बलवीर घुनियाल और रघुवीर बिष्ट ने भी कार्य पद्धति और चुनौतियों पर अपना उद्बोधन दिया।
प्रशिक्षण वर्ग की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने सभी वक्ताओं और प्रशिक्षार्थियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने सफल प्रशिक्षण के लिए सभी को बधाई देते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल सहित बड़ी संख्या में अपेक्षित प्रशिक्षार्थी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।