विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । तीर्थनगरी और शिक्षा के केंद्र श्रीनगर में सरेआम नशा कर हुड़दंग मचाना और महिलाओं से बदसलूकी करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पौड़ी सर्वेश पंवार के कड़े रुख के बाद, श्रीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मामला 28 मार्च 2026 का है, जब पुलिस को ‘डायल 112’ के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर भारी हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि ये युवक न केवल नशे में धुत होकर शोर-शराबा कर रहे थे, बल्कि वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज कर रहे थे।
पुलिस टीम ने मौके से तीनों युवकों को हिरासत में लिया। वादी की तहरीर और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने इनके विरुद्ध बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
सौरभ सिंह (26 वर्ष): निवासी ग्राम नौलापुर, थलीसैंण (पौड़ी)।
रोहित सिंह (21 वर्ष): निवासी ग्राम मचकंडी, उखीमठ (रुद्रप्रयाग)।
रोहित कुमार (28 वर्ष): निवासी ग्राम पमसोला, कल्जीखाल (पौड़ी)।
SSP के सख्त निर्देश: मर्यादा भंग करने वालों की खैर नहीं
एसएसपी सर्वेश पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग करने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।