विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग(ब्यूरो)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड शासन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत खोला धारपैयाकोटी मोटर मार्ग के अंतिम बिंदु से म्यान्सोड पनियाली होते हुए बणतोलीखाल नैलचामी तक मोटर मार्ग निर्माण (द्वितीय चरण, स्टेज-1) के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग के लिए बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्र की जनता में हर्ष की लहर है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसे विधायक विनोद कंडारी की सक्रियता का परिणाम बताया है। विधायक कंडारी ने कहा कि “क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाना उनका संकल्प है। इस मार्ग के बनने से ग्रामीणों का सफर आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।” उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया।



संयुक्त सचिव गजेन्द्र सिंह पतियाल द्वारा जारी आदेश में लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। कार्य शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। साथ ही, समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न करने पर ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पेनाल्टी का भी प्रावधान रखा गया है।