विधायक विनोद कंडारी देवप्रयाग विधानसभा के तेगड़ में विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए।"
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग/श्रीनगर। जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तेगड़ (लोस्तु बडियार) क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप, शासन ने यहाँ नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्थापना और संचालन की आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
यह कॉलेज मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 591/2023 के अनुपालन में खोला जा रहा है। विधायक कंडारी द्वारा इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिस पर अब शासन ने मुहर लगा दी है। अपर सचिव और संयुक्त सचिव द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों में पदों के सृजन और कॉलेज के संचालन की रूपरेखा तय कर दी गई है।
इंटर कॉलेज के भवन में चलेंगी कक्षाएं
संयुक्त सचिव विक्रम सिंह यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महाविद्यालय का अपना स्थायी भवन निर्मित होने तक इसे वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा। कॉलेज की कक्षाएं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धददी घण्डियाल (टिहरी गढ़वाल) के 5 कमरों (शौचालय सहित) में तत्काल प्रभाव से शुरू करने की अनुमति दी गई है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया गया है। विधायक कंडारी ने बताया कि स्थायी भवन के निर्माण के लिए भी जल्द ही भूमि का चयन कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
10 पदों पर मिली स्वीकृति, भर्ती प्रक्रिया जल्द
अपर सचिव डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, महाविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए कुल 10 पदों को मंजूरी दी गई है। इनमें प्राचार्य और विभिन्न विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसरों के साथ-साथ शिक्षणेत्तर पद भी शामिल हैं।

क्षेत्रीय छात्रों, विशेषकर छात्राओं को मिलेगा बड़ा लाभ
कीर्तिनगर ब्लॉक के अंतर्गत लोस्तु बडियार क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खुलने से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए ऋषिकेश, श्रीनगर या टिहरी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विधायक विनोद कंडारी ने इस निर्णय पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह कॉलेज क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे विशेषकर हमारी बेटियों को बड़ी राहत मिलेगी जो दूरी और सुरक्षा के कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थीं। हमारा लक्ष्य देवप्रयाग विधानसभा के हर क्षेत्र तक शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।”