विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पौड़ी, सर्वेश पंवार द्वारा जनपद में अपराधियों और न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों (NBW) के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेक बाउंस (138 NI Act) के मामले में काफी समय से फरार चल रही एक महिला वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती गुड्डी देवी पत्नी खुशहाल सिंह (निवासी- श्रीनगर, पौड़ी) के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद संख्या 436/2019, धारा-138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के तहत मामला विचाराधीन था। अभियुक्ता लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रही थी, जिसके चलते उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था।
एसएसपी पौड़ी के निर्देशों का पालन करते हुए श्रीनगर थाना पुलिस ने वारंटियों की धरपकड़ हेतु जाल बिछाया। पुलिस टीम ने सटीक सूचना और मुस्तैदी दिखाते हुए फरार अभियुक्ता गुड्डी देवी को उनके निवास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है।
महिला वारंटी की गिरफ्तारी में श्रीनगर थाने की महिला पुलिस कर्मियों ने मुख्य भूमिका निभाई:
म० उ० नि० लक्ष्मी सकलानी (थाना श्रीनगर)
म० कानि० 182 बीना त्रिकोटी
एसएसपी सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।