श्रीनगर गढ़वाल ब्यूरो । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं हिमालयी वातावरणीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी शोध प्रयोगशाला के मुख्य अन्वेषक डॉ. आलोक सागर गौतम को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध जर्नल “मौसम (MAUSAM)” की संपादकीय समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। “मौसम” का प्रकाशन India Meteorological Department द्वारा वर्ष 1950 से किया जा रहा है। यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित एक पीयर-रिव्यूड त्रैमासिक वैज्ञानिक शोध पत्रिका है। यह जर्नल मुख्यतः अंग्रेज़ी भाषा में मूल शोध लेख, समीक्षा लेख तथा लघु संचार प्रकाशित करता है और मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान, मानसून अध्ययन, वायुमंडलीय भौतिकी, एरोसोल एवं वायु गुणवत्ता, जलवायु परिवर्तन, चरम मौसम घटनाएँ तथा संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान जैसे विषयों पर केंद्रित है। भारतीय उपमहाद्वीप, विशेषकर मानसूनी एवं उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों से संबंधित अनुसंधान के लिए यह एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
यह जर्नल समय-समय पर Scopus एवं UGC-CARE जैसी सूचियों में शामिल रहा है। वर्ष 2007 (Vol. 58, No. 1) से इसे Thomson Reuters (अमेरिका) द्वारा Science Citation Index Expanded (SCIE) तथा Journal Citation Reports (Science Edition) में सूचीबद्ध एवं सारांकित किया जा रहा है। वर्ष 2024 के लिए इसका Scopus Cite Score 1.2 है तथा National Academy of Agricultural Sciences (NAAS) द्वारा इसका रेटिंग स्कोर 6.60 निर्धारित किया गया है। नियमित अंकों (जनवरी, अप्रैल, जुलाई एवं अक्टूबर) के अतिरिक्त समसामयिक ज्वलंत विषयों पर विशेषांक भी प्रकाशित किए जाते हैं।
डॉ. गौतम का संपादकीय समिति में चयन विश्वविद्यालय एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उनके हिमालयी क्षेत्र में वायुमंडलीय एवं एरोसोल अनुसंधान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता को दर्शाता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गई हैं।