विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए बेस अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा रेलवे निर्माण कार्य में जुटी रित्विक कंपनी के सौजन्य से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 51 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी योगदान दिया।
रक्तदान शिविर का आयोजन बेस अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. दीपा हटवाल एवं पूर्व प्रभारी डॉ. सतीश कुमार के नेतृत्व में किया गया। उनकी देखरेख में पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया गया। शिविर के दौरान चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक मानकों के अनुरूप रक्त संग्रह किया।
कंपनी में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान के प्रति जागरूकता और सेवा भाव का यह उदाहरण अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायी साबित हुआ। एकत्रित किया गया रक्त बेस अस्पताल में भर्ती गंभीर एवं जरूरतमंद मरीजों के उपचार में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर डॉ. अजीत, हरिश भारद्वाज, तकनीशियन अमितकांत भट्ट, सुमित्रा तथा राकेश बुटोला सहित अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयास से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अस्पताल प्रशासन ने रित्विक कंपनी प्रबंधन एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।