विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी ने वार्ड संख्या 40 बिल्केदार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत कर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने वार्ड से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याएं महापौर के समक्ष रखीं, जिन पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई।महापौर आरती भंडारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।महापौर ने अपने संबोधन में कहा, “जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जनता की बात सीधे सुनना हमारा उद्देश्य है। वार्डवासियों द्वारा जो भी समस्याएं मेरे संज्ञान में लाई गई हैं, उनका समाधान शीघ्र और प्रभावी तरीके से किया जाएगा।”महापौर ने जन संवाद कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापार सभा अध्यक्ष बिल्केदार बिपेंद्र सिंह बिष्ट, उत्तम सिंह कठैत, सेवानिवृत्त कैप्टन दिगंबर सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह चौहान सहित कार्यक्रम में उपस्थित समस्त मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद प्रवेश चमोली, रमेश रमोला, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, सुरेन्द्र सिंह एवं विजय चमोली विशेष रूप से उपस्थित रहे।महापौर आरती भंडारी ने कहा कि, “बिलकेदार वासियों का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद ही नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम और आमजन के बीच संवाद और विश्वास को और मजबूती मिली है, जिससे वार्ड स्तर पर विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।